रैली के बाद शहर की सड़कों पर लगा जाम, भाजपा नेताओं ने अब शुरू किया ये अभियान

रैली के बाद शहर की सड़कों पर लगा जाम, भाजपा नेताओं ने अब शुरू किया ये अभियान 


नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर भाजपा की रैली खत्म होते ही महाराणा प्रताप इंटर कालेज के मैदान के बाहर चारों तरफ की सड़कों पर  लम्बा जाम लग गया। रैली में गोरखपुर क्षेत्र के 12 जिलों से बड़ी संख्या में लोग आए थे। भीड़ में महिलाओं की भी अच्छी खासी तादाद थी। 


उधर, रैली में मुख्यमंत्री का निर्देश मिलने के बाद भाजपा नेताओं ने अब प्रधानमंत्री मोदी को पोस्टकार्ड लिखकर सीएए, धारा 370, तीन तलाक और राम मंदिर पर धन्यवाद देने के अभियान की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। जल्द ही यह अभियान शुरू किया जाएगा।  


दोपहर 13:59 बजे मुख्यमंत्री का सम्बोधन खत्म होने के बाद लोग रैली स्थल से बाहर निकलने लगे। लोगों के बाहर निकलते समय प्रवेश द्वारों पर लगे मेटल डिटेक्टर गेट हटा लिए गए थे ताकि जगह पर्याप्त हो जाए। लेकिन लोग जैसे ही सड़कों पर निकले चारों तरफ ट्रैफिक जाम हो गया। यह जाम खुलने में करीब आधे घंटे का वक्त लगा।